DO NOT MISS

Wednesday, November 8, 2017

अमित शाह ने राहुल गांधी को बताया त्रासदी निर्माता


नोटबंदी की आलोचना के लिये पूर्व सैनिक नंद लाल की तस्वीर जारी करने पर कांग्रेस उपाध्यक्ष की आलोचना करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी त्रासदी निर्माता हैं.

अमित शाह यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता को पचाने में असमर्थ कांग्रेस का षडयंत्र विभाग झूठी खबरें प्रसारित करने के अति सक्रिय मोड में है.

अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि राहूल गांधी ने अपने ट्वीट में पूर्व सैनिक नंदलाल की फोटो पोस्ट की है, जो मोदी सरकार के नोटबंदी के निर्णय का समर्थन कर रहे हैं .

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बातें तो गरीबों की करती है लेकिन काम बस एक परिवार के लिये करती है. उसने 15 वर्षो से गुजरात के अपमान का अभियान चला रखा है. कांग्रेस का षडयंत्र विभाग अति सक्रिय मोड में है. इंडियन नेशनल कांग्रेस अब ‘‘इनकरेक्ट न्यूज कांग्रेस’’ बन गई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब भारत में झूठी खबरों की सबसे बड़ी स्रोत बन गई है. भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नोटबंदी के मुद्दे पर देश को गुमराह कर रही है और उसे गरीबों के लिये घड़ियाली आंसू बहाना बंद करना चाहिए.

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चेहरे से झूठ का नकाब उतर गया है. कांग्रेस झूठी खबरे और झूठी तस्वीरें पोस्ट कर रही है लेकिन इसके सहारे वह अब सत्ता पर काबिज नहीं हो सकती है.

शाह ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी गरीबों की बातें करते हैं और अपने अभिजात्य एवं उच्च वर्ग की जीवनशैली को छिपाने का काम करते हैं . बदनामी के लिये तस्वीरों का उपयोग करना उनकी कोई नई चाल नहीं है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में एटीएम के बाहर रूपये निकालने के लिये लाइन में खड़े डी के शिव कुमार की तस्वीर ट्वीट की थी. हम सभी जानते हैं कि बाद में क्या हुआ. डी के शिवकुमार के ठिकानों से करोड़ों रूपये बरामद हुए. राहुल गांधी को उस तस्वीर को भी साझा करना चाहिए.

Post a Comment

 
Copyright © 2014 Revoli Full Width. Designed by OddThemes - Published By Gooyaabi Templates