DO NOT MISS
Showing posts with label खेल. Show all posts
Showing posts with label खेल. Show all posts

Thursday, February 1, 2018

वनडे में टीम इंडिया की जीत से शुरुआत, ये हुई ना चैंपियनों वाली बात


जिस डरबन में रिकॉर्ड हारते रहने का था, उसी डरबन में विराट कोहली और उनकी टीम ऐसे खेली जैसे होम टीम दक्षिण अफ्रीका नहीं, बल्कि इंडिया ही हो. झूमके बरसे विराट और शतक जमाकर रच डाला एक नया इतिहास. इतना ही नहीं, इतिहास एक और तरीके से रचा गया. डरबन में टीम इंडिया ने कभी ढाई सौ रन नहीं बनाए थे, इस बार वो भी हो गया.

भारतीय टीम के सामने बौना हो गया 270 रनों का लक्ष्य. रोहित शर्मा सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए. विराट के लिए शिखर को अपना विकेट कुर्बान करना पड़ा. मगर कैप्टन कोहली ने शिखर की कुर्बानी को जाया नहीं जाने दिया. अजिंक्य रहाणे ने भी मौके को खूब भुनाया. शायद उन्होंने भांप लिया था कि कोहली ने उन्हें ट्रायल पर रखा है. लिहाजा खेल गए एक ऐसी पारी जिसने आगे के वनडे मैचों के लिए भी प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह सुरक्षित कर दी.

सेट होने के बाद विराट भी किसी को कहां बख्शते हैं? और उस दक्षिण अफ्रीका को क्यों बख्शते, जिसने टेस्ट सीरीज में उन्हें हार की सौगात दी थी. इस बार बदले में विराट ने अपने 33वें शतक से दक्षिण अफ्रीका को सौगात दी. एक पल के लिए भी विराट और रहाणे ने दक्षिण अफ्रीका को मैच में वापस आने ही नहीं दिया. एक होती है हार और एक होती है हाहाकार. दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए ये हाहाकार ही है.
अगर खुद को बेस्ट बॉलिंग अटैक कहने वाली टीम इस कदर टांय-टांय फिस्स हो जाए, तो हवा बदल ही जाती है. इस जीत के साथ ही भारत ने छह मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली है. दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 269 रन बनाए. भारत ने 45.3 ओवर में चार विकेट पर 270 रन बनाकर जीत दर्ज की.

Tuesday, January 30, 2018

द.अफ्रीका को लगा झटका, शुरुआती 3 वनडे मैचों में नहीं खेलेंगे डी विलियर्स


दक्षिण अफ्रीका को भारत के खिलाफ होने वाली छह मैचों की वन-डे सीरीज़ से पहले तगड़ा झटका लगा है. सीरीज़ के शुरुआती तीन वन-डे मैचों में उसके स्टार खिलाड़ी अब्राहम डी विलियर्स उंगली में चोट के कारण नहीं खेलेंगे.

मेजबान टीम ने अभी तक डी विलियर्स के विकल्प की घोषणा नहीं की है. उसको उम्मीद है कि वह आखिरी के तीन वन-डे मैचों के लिए डी विलियर्स उपलब्ध रहेंगे.

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने एक बयान में कहा, 'डी विलियर्स की उंगली में चोट है जो उन्हें तीसरे टेस्ट मैच के दौरान लग गई थी. उन्हें इस चोट से निकलने में तकरीबन दो सप्ताह का समय लगेगा.'

उन्होंने कहा, 'सीएसए की मेडिकल टीम को उम्मीद है कि डी विलियर्स चौथे वनडे में टीम के साथ होंगे जो 10 फरवरी को खेला जाएगा. चयनकर्ताओं ने उनके विकल्प के नाम का ऐलान नहीं करने का फैसला किया है.'

सीरीज़ का पहला मैच किंग्समीड में गुरुवार को खेला जाएगा.

Sunday, January 28, 2018

वांडरर्स का विकेट खतरनाक नहीं : डुप्लेसिस


दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने कहा कि भारत के खिलाफ हाल में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज़ में उछाल वाली पिचों की मांग करने में कुछ भी गलत नहीं है क्योंकि भारतीय टीम स्वदेश में उनका स्वागत कभी ‘घसियाली पिच’ से नहीं करेगी.

दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज़ 2-1 से जीत दर्ज की लेकिन तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच की पिच चर्चा का विषय रही. कई विशेषज्ञों ने वांडरर्स के विकेट को खतरनाक करार दिया जिसमें असमान उछाल थी. विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम ने साहस का परिचय देते हुए डटकर बल्लेबाजी की और इस मैच में जीत दर्ज की.

डुप्लेसिस ने कहा, 'चाहे वह एक प्रतिशत हो या पांच या दस प्रतिशत आप जितना भी फायदा ले सकते हो आपको उसकी कोशिश करनी चाहिए. जब भी हम भारत दौरे पर जाते हैं तो हमें वहां सपाट घसियाली पिच पर खेलने को नहीं मिलता है.' दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने कहा कि वांडरर्स का विकेट खतरनाक नहीं था.

उन्होंने कहा,'पहले और दूसरे दिन मुझे ऐसा नहीं लगा (कि विकेट खतरनाक था). मैं केवल तभी थोड़ा चिंतित हुआ जब डीन (एल्गर) के चेहरे पर गेंद लगी. उस समय मैं खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिये थोड़ा चिंतित हुआ.' डुप्लेसिस ने कहा, 'यहां तक कि भारतीय पारी के दौरान भी कुछ खिलाड़ियों की उंगलियों लगातार गेंद लगी. मुझे लगता है कि आप गिनोगे कि कितनी बार गेंद खिलाड़ियों पर लगी तो यह सामान्य से अधिक होगी.'
उन्होंने कहा, 'आप जानते हैं कि बहुत अधिक मूवमेंट मुश्किल होता है लेकिन खतरनाक नहीं. जब खिलाड़ियों को गुडलेंथ गेंद से चोट लगने लगी तब हमने सोचा कि यह खतरनाक हो सकता है. इसलिए हमारे पास लक्ष्य हासिल करने का मौका था लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाये.' पिच की बात को एक तरफ रखा जाए तो डुप्लेसिस ने कहा कि उनकी टीम तीसरे मैच में अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पायी और उसने परिस्थितियों का अच्छी तरह से फायदा नहीं उठाया.

उन्होंने कहा, 'हम शुरू से ही अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे पाये. यहां तक कि पहली पारी में भी हमने उन्हें 30 रन अधिक बनाने दिये. मुझे याद है कि विराट कोहली को दो या तीन जीवनदान मिले. यहां तक कि दूसरी पारी में भी हमें उन्हें 180 के आसपास रोकना चाहिए था. ऐसे में आखिरी पारी में हमारे पास 160 रन का लक्ष्य होता.'

डुप्लेसिस ने लचर क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजों को दोष दिया जिन्होंने सही लाइन पर गेंदबाजी नहीं की.
उन्होंने कहा, 'यह हमारी क्षमता के हिसाब से अच्छा मैच नहीं रहा. हमने कुछ कैच टपकाये. मेरा मानना है कि इस तरह के विकेट पर आपके लिये यह सुनिश्चित करना जरूरी है तो आप सीधी लाइन पर गेंदबाजी करो.' डुप्लेसिस ने कहा, 'मुझे लगता है कि दोनों पारियों में हमने कुछ शार्ट और वाइड गेंदें की जिससे उन्हें अधिक गेंदें छोड़ने का मौका मिला. बल्लेबाजी की बात करें तो भारतीय गेंदबाजों ने हमें अधिक से अधिक गेंदें खेलने के लिये मजबूर किया.'

उन्होंने कहा, 'भारतीय गेंदबाज इन परिस्थितियों में काफी सफल रहे. इसलिए जब हम अगली बार खेलें तो यह ध्यान रखना होगा कि वे इस वजह से यहां सफल रहे.'

 

Tuesday, January 23, 2018

राजा चक्रवर्ती के नाबाद शतक से दमोह ने जीता फाईनल मैच

 
मैच का आनंद लेते अतिथि 
नरेन्द्र दीक्षित/बड़ामलहरा- स्थानीय प्रियदर्शनी स्टेडियम मे चल रहे स्व. किशोर सिंह बुन्देला एवं स्व. पुष्पेन्द्र तोमर स्म्रति क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन दमोह के डेंजर क्रिकेट क्लब की एसबीआई क्रिकेट क्लब बड़ामलहरा की टीम पर एक तरफा जीत के साथ सम्पन्न हो गया |टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बड़ामलहरा की टीम ने निर्धारित पच्चीस ओवरों के मैच मे एक सौ चौवन रन बनाये जिसमे सर्वाधिक धर्मेन्द्र सिहं ने तैतालीस रन और विजय राय ने अट्टाईस रनो का योगदान दिया |दमोह की ओर से सनी ने घातक गेंदबाजी करते हुये अपने कोटे के पांच ओवरों मे चार विकेट लेकर बड़ामलहरा के बल्लेबाजों को जमने का और बड़ा स्कोर खड़ा करने का  मौका नही दिया | विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी दमोह की टीम के बल्लोबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र सोलह ओवर मे जीत दर्ज कर ली | दमोह के ओर से कप्तान राजा चक्रवर्ती ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुये एक सौ आठ रन बनाये उनके शतक पूरा होते ही स्टेडियम मे मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर तालिया बजाकर उनका स्वागत किया मेहमान टीम ने मात्र एक विकेट खोकर नौ विकेट से जीत हासिल की | समापन कार्यक्रम मे कांग्रेस नेता आलोक चतुर्वेदी पज्जन भैया एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी तथा दोनों टीमों के खिलाड़ियों को पुरूष्कार वितरित किये | समापन कार्यक्रम मे सुशील मोदी आनंद सिंह बुन्देला  इन्द्रपाल सिंह  राकेश आजाद सुनील अवस्थी राजेश शर्मा अवधेश अवस्थी दीपक शुक्ला हरिमाधव बाजपेयी सहित बड़ी संख्या मे खेलप्रेमी मौजूद रहे |

Sunday, January 21, 2018

अनगौर को हरा मबई का ख़िताब पर कब्ज़ा

नरेन्द्र दीक्षित/बडामलहरा- स्व. पं श्री हरप्रसाद रिछारिया जी की स्मृति मे ग्राम देवरान में आयोजित किक्रेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच मवई और अनगौर के बीच खेला गया जिसमे अनगौर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 86 रन बनाए मबई की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच जीत टूर्नामेंट का ख़िताब अपने नाम किया इस टूर्नामेंट के आयोजन कर्ता समिति प्रबन्धक डिकोली हरिओम अग्निहोत्री थे समापन मैच के मुख्य अतिथि भा ज पा नेता रमेश राय बरिष्ठ अतिथि बी एस राठौर थाना प्रभारी गुलगंज ए.एस.आई रजक, डॉक्टर दुबे कैलाश जैन, दीनेश जैन, किशन स्वरूप कुडेरिया, संजय जैन, जुगल अहिरवार सहित सैकडो दर्शक मौजूद रहे आयोजन कमेटी को भाजपा नेता रमेश राय ने  5100 रूपया सहयोग राशि प्रदान कर कहा की ऐसे आयोजन मे हम आप लोगो के हमेशा साथ है

रजपुरा मे ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन

नरेन्द्र दीक्षित/बडा़मलहरा- समीपस्थ ग्राम पंचायत मे ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा जिसमे करकी घिनौची गरखुवां खिरकुवां विक्रमपुरा मुंगवारी कर्री सहित आसपास की पंचायतों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखानो का मौका मिलेगा |टूर्नामेंट का उद्घाटन जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश राय भूषन वर्मा मनोज यादव पवन द्विवेदी रूपनारायण पटैरिया ने किया |

चित्रकूट ने जीता टास और महराजपुर ने मैच




नरेन्द्र दीक्षित/बड़ामलहरा- नगर के प्रियदर्शनी स्टेडियम मे चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के आखिरी लीग मैच मे महराजपुर ने आसान जीत दर्ज कर सेमीफाईनल मे प्रवेश कर लिया जहां उसका मुकाबला एसबीआई क्रिकेट क्लब बड़ामलहरा से होगा |चित्रकूट की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जो कि महराजपुर के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के आगे गलत साबित हुआ और बीस बीस ओवरों के मैच मे चित्रकूट के बल्लेबाज एक एक करके आऊट होते रहे किसी भी बल्लेबाज ने इस प्रकार प्रदर्शन नही किया कि वेअपनी टीम को सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचा सकें और महज अड़सठ रन जुटाकर पूरी टीम पैवेलियन लौट गई |आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी महराजपुर की टीम ने बारह ओवरों मे सात विकेट शेष रहते हुये प्राप्त कर लिया |इस मैच को जीतकर महराजपुर की टीम ने सेमीफाईनल मे प्रवेश कर लिया |बड़ामलहरा और महराजपुर के मैच के नतीजे से तय होगा कि फाईनल मे पहुंच चुकी दमोह की टीम से किसकी खिताबी भिडंत होगी | इसके पूर्व क्वाटर फाईनल मैच का उद्घाटन भाजयुवा मोर्चा के जिलामंत्री राघव राजा भाजपा नेता मानिक शर्मा सदर पटवारी महेन्द्र पाण्येय  कालोनाईजर प्रमोद अवस्थी राहुल जैन  राहुल जैन नितिन चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण कर दोनो टीमों के  खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया एवं टास फिकवाकर मैच शुरू कराया |

Saturday, January 20, 2018

नागौद को हराकर दमोह डेंजर की टीम पहुंची सेमीफाईनल मे


नरेन्द्र दीक्षित/बड़ामलहरा - नगर के प्रियदर्शनी स्डेडियम मे चल रहे स्व. किशोर सिंह बुन्देला एवं स्व. पुष्पेन्द्र तोमर स्म्रति क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाईनल मे स्टेडियम मे मौजूद हजारों दर्शकों को शानदार क्रिकेट देखने को मिला | आज पहला सेमीफाईनल नागौद क्रिकेट टीम और डेंजर क्रिकेट क्लब दमोह के बीच हुआ | टास जीतकर दमोह की टीम ने नागौद को बल्लेबाजी करने के लिये आमंत्रित किया निर्धारित पच्चीस ओवरों के मैच मे नागौद की टीम ने एक सौ पैतीस रन बनाये जिसमे उनके बल्लेबाज रजनेश मिश्रा ने सर्वाधिक अट्टाईस रनो का योगदान दिया वहीं दमोह की ओर से सनी से चार ओवर मे तीन विकेट लिये |जबाब मे विजयी लक्ष्य का पीछा करने इतनी दमोह की टीम की शुरूवात अच्छी नही रही धीमी शुरूवात के बाद मे अंतराल से विकेट गिरते रहे किंतु श्रजन से एक छोर संभाल कर अपनी टीम के लिये अड़तीस रनो का योगदान दिया और इक्कीसवें ओवर मे  विजयी छक्का लगाकर अपनी टीम को सेमीफाईनल मे पहुंचा दिया |

सेमीफाईनल मैच मे मुख्यअतिथि के रूप मे उपनिरीक्षक पुलिस थाना बड़ामलहरा एवं मंडी निरीक्षक शमीम अख्तर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त टास फिकवाकर खेल शुरू कराया| इस अवसर पर आनंद सिंह बुन्देला ब्रजेश दुबे राजकुमार सिंह चौहान मनोज दुबे राकेश आजाद सुनील अवस्थी दीपक शुक्ला हरिमाधव बाजपेयी पंकज अग्रवाल मीमांशु हर्ष दुबे राजू पांडे सहित बड़ी संख्या आयोजन कमेटी के सदस्य एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे| अगला मुकाबला चित्रकूट और महराजपुर के बीच खेला जायेगा इस मैच के नतीजे के बाद तय होगा कि दूसरे सेमीफाईनल मे बड़ामलहरा से किस टीम की भिडंत होगी| टूर्नामेंट मे विजेता टीम को बीस हजार रूपये और उपविजेता टीम को दस हजार रूपये की नगद पुरूष्कार राशि प्रदान की जायेगी |

Wednesday, January 17, 2018

राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच नागौद ने जीता



 नरेन्द्र दीक्षित/बड़ामलहरा- स्थानीय प्रियदर्शनी खेल मैदान पर राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का का भव्य उद्घाटन हुआ उद्घाटन मैच मे ही नागौद की टीम ने अच्छे खेल का प्रदशर्न करते हुये नौगांव को हराकर टूर्नामेंट मे विजयी शुरूवात की टास जीतकर नागौद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुये निर्धारित बीस ओवर के मैच मे नौगांव की टीम को एक सौ उन्हतर रनो का लक्ष्य दिया नागौद की टीम के बल्लेबाज मोहित ने पचहत्तर और अनुराग ने पचपन रनो की शानदार पारी खेली लक्ष्य की पीछा करने उतरी नौगांव की टीम सत्रह ओवरो मे मात्र एक सौ तेैतालीस रन बनाकर आल आऊट हो गई |इसके पूर्व नगर मे बर्षों से आयोजित हो रहे स्व.किशोर सिंह बुन्देला एवं स्व.पुष्पेन्द्र तोमर स्म्रति क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा नेता रमेश राय व आबकारी ठेकेदार राजेश अवस्थी एवं भाजपा युवा नेता शशिकांत अग्निहोत्री के मुख्य आतिथ्य मे हुआ |इस अवसर पर आनंद सिंह बुन्देला भाजपा मंडल महामंत्री कैलाश पन्या भाजपा जिलामंत्री राघव राजा नीरज पौराणिक नितिन चौधरी राजेश शर्मा ब्रजेश दुबे सुनील अवस्थी मनोज यादव टिंकू चौहान दीपक शुक्ला सहित क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे |

Monday, January 15, 2018

DAMOH/खेल महोत्सव का हुआ समापन,बच्चों में दिखा उत्साह

गौरी शोएब पठान/तेजगढ़/दमोह।कहते है की हुनर और हौसले को हर कोई सलाम करता है और फिर हर कही ऐसे ही हुनर के बोल बाले रहते है. ऐसा ही कुछ चर्चित है राजा तेजी सींग की नगरी ग्राम तेजगढ़ जिसे आस पास के क्षेत्र में खेल गाँव के नाम से जाना जाता है। विगत 10 वर्षों से चला आ रहा तेजगढ़ खेल महोत्सव का समापन थाना प्रभारी भल्ला प्रसाद दुबे जी के मुख्य  आतिथ्य मे हुआ।

खेल महोत्सव के अंतिम दिन कबड्डी , वॉलीवाल , रस्साकसी , गोला फेंक , तवा फेंक , लम्बी कूँद 800 मीटर दौड़ , शतरंज , बच , फुग्गा फोड़ , और शिक्षकों की 100 मीटर रेस रखी गयी जिसमे गौरी शोऐब पठान ने प्रथम स्थान अर्जित किया आदि खेलों का आयोजन किया गया।

समापन समारोह मे तीन दिवसीय खेल महोत्सव मे विजेता , उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया वहीँ थाना प्रभारी तेजगढ़ बी. पी. दुबे ने प्रतियोगिता मे सबसे कम उम्र के दो प्रतिभागियों को 1000 रुपये की राशि और मेराथन मे प्रमिला गौँढ को 500 रु. की राशि प्रदान की  ! इस कार्यक्रम मे प्राचार्य वाय. के. कोरी , अनूप सिंह , गुग्गा खान , क्रीड़ा प्रभारी बारी बाई धुर्वे , कोच गौरी शोऐब पठान और समस्त शाला परिवार की उपस्तिथि रही।

     



Sunday, November 26, 2017

5वीं डबल सेंचुरी जड़ कोहली ने बनाए कई रिकॉर्ड, ब्रैडमैन भी पीछे छूटे


अपने करियर की शानदार फॉर्म में चल रहे टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने नागपुर टेस्ट के तीसरे दिन अपनी बल्लेबाजी से कई रिकॉर्ड बनाए हैं. कोहली ने तीसरे दिन 54 रन से आगे खेलना शुरू करते हुए सबसे पहले अपनी 19वीं टेस्ट सेंचुरी पूरी की और एक कैलेंडर ईयर में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) और ग्रीम स्मिथ (साउथ अफ्रीका) को पीछे छोड़ दिया.
शतक जड़ने के बाद कप्तान कोहली ने अपना 5वां दोहरा शतक भी पूरा किया. इसी के साथ ही वह बतौर कप्तान सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं. लारा के नाम भी बतौर कप्तान टेस्ट में 5 दोहरे शतक लगाने का रिकॉर्ड है. इतना ही नहीं वर्ल्ड क्रिकेट के महान बल्लेबाज रहे सर डॉन ब्रैडमैन को भी कोहली ने पीछे छोड़ दिया है.
बतौर कप्तान टेस्ट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक
5 - ब्रायन लारा/विराट कोहली
4 - सर डॉन ब्रैडमैन/ग्रीम स्मिथ/माइकल क्लार्क
टेस्ट क्रिकेट में कोहली के दोहरे शतक
1. बनाम वेस्टइंडीज जुलाई 2016 - 200 रन
2. बनाम न्यूजीलैंड अक्टूबर 2016 - 211 रन
3. बनाम इंग्लैंड दिसंबर 2016 - 235 रन
4. बनाम बांग्लादेश फरवरी 2017 - 204 रन
5. बनाम श्रीलंका नवंबर 2017 - 213 रन
नागपुर टेस्ट में कोहली का बड़ा कारनामा, पोंटिंग और स्मिथ के रिकॉर्ड ध्वस्त
कोहली ने कप्तान के रूप में पांचवां दोहरा शतक जड़ते हुए 267 गेंद में 17 चौकों और दो छक्कों की मदद से 213 रन की पारी खेली. उन्होंने इसके अलावा एक साल से भी अधिक समय बाद पहला टेस्ट खेल रहे रोहित (160 गेंद में नाबाद 102, आठ चौके, एक छक्का) के साथ पांचवें विकेट के लिए 173 रन की साझेदारी भी की जिससे भारत ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 610 रन बनाकर घोषित की.
कोहली ने चेतेश्वर पुजारा (143) के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 183 रन जोड़े. इन तीनों के अलावा कल सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (128) ने भी शतक जड़ा था. यह तीसरा मौका है जब भारत के चार बल्लेबाजों ने पारी में शतक जड़ा है.

Friday, November 24, 2017

INDvsSL 2nd Test: नागपुर में मज़बूत स्थिति में भारत, श्रीलंका 205 रन पर ऑलआउट


भारत और श्रीलंका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ का दूसरा मुकाबला नागपुर में खेला जा रहा है. पहले दिन टीम इंडिया मज़बूत स्थिति में नज़र आ रही है. भारत ने पहले गेंदबाज़ी करते हुए श्रीलंका को 205 रन पर ऑलआउट कर दिया. पहले दिन के स्टम्प्स तक भारत ने 8 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 11 रन बना लिए हैं. भारत की तरफ से केएल राहुल 7 रन बनाकर गमागे की बॉल पर आउट हो गए.मुरली विजय (2) और चेतेश्वर पुजारा (2 ) क्रीज़ पर हैं.

205 रन पर ऑलआउट हुई श्रीलंका
कोलकाता की तरह नागपुर की पिच को भी गेंदबाज़ों के अनुकूल माना जा रहा था. लेकिन, दूसरे मैच में भारतीय स्पिनर्स ने बेहतरीन गेंदबाज़ी कर श्रीलंका को 205 पर ऑलआउट कर दिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी श्रीलंका 79.1 ओवर में 205 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. लाहिरू गमागे नाबाद लौटे. श्रीलंका की तरफ से कप्तान दिनेश चंडीमल ने सबसे ज़्यादा 57 रन बनाए. दिमुथ करुणारत्ने ने 51 रनों का योगदान दिया.

अश्विन-जडेजा की टॉप क्लास गेंदबाज़ी
भारतीय गेंदबाज़ों शुरू से ही मेहमान टीम पर हावी रहे. उन्होंने श्रीलंका को पहले सेशन में बांधे रखा और 27 ओवरों में सिर्फ 47 रन ही बनाने दिए साथ ही दो विकेट भी हासिल किए. भारत की तरफ से आर. अश्विन ने 4 विकेट झटके. ईशांत शर्मा और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए.

ऐसे गिरे विकेट

आखिरी विकेट रंगना हैराथ का गिरा. हैराथ 4 रन बनाकर अश्विन की बॉल पर आउट हो गए सुरंगा लकमल 17 रन बनाकर ईशांत की बॉल पर आउट हो गए. दिनेश चांदीमल 57 रन बनाकर अश्विन की बॉल पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. दसुन शनाका दो रन बनाकर अश्विन की बॉल पर बोल्ड हो गए. निरोशन डिकवेला 24 रन बनाकर जडेजा की बॉल पर आउट हुए. दिमुथ करुणारत्ने 51 रन बनाकर ईशांत शर्मा की बॉल पर एलबीडबल्यू आउट हो गए.  करुणारत्ने ने छह चौकों की मदद से शानदार पारी खेली. करुणारत्ने ने चांदीमल के साथ 62 रन की साझेदारी की. एंजेलो मैथ्यूज़ 10 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की बॉल पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. लाहिरू थिरिमाने 9 रन बनाकर अश्विन की बॉल पर बोल्ड हो गए. पहला विकेट सदिरा समराविक्रम का गिरा. समराविक्रम 13 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर पुजारा को कैच दे बैठे.

टीम में हुए ये बदलाव
इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव हुए. मो. शमी की जगह पर ईशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार की जगह पर रोहित शर्मा और शिखर धवन की जगह पर विजय शंकर टीम में हैं. श्रीलंका की टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ. नागपुर के जामठा स्टेडियम में भारत पिछले 7 साल से कोई मैच नहीं हारा है.

कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत और श्रीलंका के बीच पांचों दिन अच्छी खेल देखने को मिला. शुरुआती दिनों में बारिश और श्रीलंकाई गेंदबाज़ों से परेशान रहने वाली मेज़बान टीम ने अंत के दो दिनों में शानदार वापसी की, हालांकि जीत करीब आकर उसके हाथ से फिसल गई. विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हो रहे तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ के दूसरे मैच में मेज़बान पहले टेस्ट मैच की भरपाई करते हुए जीत हासिल करना चाहेंगे.

 

Wednesday, November 22, 2017

कप्तान कोहली को पसंद आ रहे भुवनेश्वर, कही ये बात


भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की तारीफ करते हुए सोमवार को कहा कि वह टीम की योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, खासकर विदेशी दौरों के लिए.

भुवनेश्वर ने  ईडन गार्डन्स स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ हुए पहले टेस्ट मैच में आठ विकेट (4/88 और 4/8) लिए. उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया.

कोहली ने मैच के बाद कहा, 'वह भारत के लिए हर टेस्ट मैच में खेलने के प्रबल दावेदार हैं. वह हमारी योजनाओं को महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे, खासकर विदेशी दौरों पर.'

कोहली के इस बयान को भारतीय टीम के आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है.
कोहली ने कहा कि कुमार अब और भी अधिक तेजी से गेंदबाजी कर रहे हैं. कोहली ने कहा, 'उनकी गेंदबाजी में गति आई है. वह जब भी टीम में आते हैं, मौकों का पूरा फायदा उठाते हैं.'

Monday, November 20, 2017

विराट ने फिर खेली शानदार पारी, लगाया 50वां इंटरनैशनल शतक


भारतीय क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली ने ऐतिहासिक स्टेडियम ईडन गार्डन्स में अपना 50वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया. इसी के साथ विराट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 या उससे अधिक शतक लगाने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के आठवें खिलाड़ी बन गए हैं.

भारत की तरफ से सचिन तेंदुलकर ने सर्वाधिक 100 शतक लगाए हैं. ऑस्ट्रे‌लिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 71 शतक लगाए हैं. सचिन तेंदुलकर ने 664 मैचों में 100 शतक लगाए. इसके बाद रिकी पोंटिंग ने 560 मैचों में 71, कुमार संगकारा ने 594 मैचों में 63, जैक कालिस ने 519 मैचों में 62, हाशिम अमला ने 310 मैचों में 54, महेला जयवर्धने ने 652 मैचों में 54, ब्रयान लारा ने 430 मैचों में 53 शतक लगाए हैं.

कोलकाता टेस्ट के 5वें और आखिरी दिन विराट कोहली ने भारतीय पारी को संभालते हुए 119 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाए. उन्होंने अपना 50वां शतक लकमल की गेंद पर लॉग ऑफ पर छक्का लगाकर पूरा किया. कोहली के शतक के साथ ही भारत ने 8 विकेट पर 352 रन पर पारी की घोषित करते हुए श्रीलंका को 231 रन का लक्ष्य टेस्ट मैच जीतने के लिए दिया.

आपको बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ का पहला टेस्ट कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहा है.

Saturday, November 18, 2017

टेस्ट क्रिकेट के साथ-साथ दो अन्य प्रारूपों में 5-6 गेंदबाजों की जरूरत : नेहरा


हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का मानना है कि भारत को 2018 में प्रस्तावित विदेशी दौरों के लिए पांच-छह तेज गेंदबाजों की दरकार है. नेहरा ने दो नवम्बर को दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 के रूप में अपने करियर का आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था.

नेहरा ने शुक्रवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कहा, 'ईशांत शर्मा बाहर बैठे हुए हैं. जसप्रीत बुमराह भी बाहर हैं. हमारे पास चार, पांच, छह तेज गेंदबाजों का अच्छा पूल है. हमें आने वाले माह में जिस तरह की क्रिकेट खेलनी है, उसे देखते हुए हमें टेस्ट क्रिकेट के साथ-साथ दो अन्य प्रारूपों में पांच-छह गेंदबाजों की जरूरत है.'

अगले साल जनवरी में भारत को दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है. इस दौरे पर भारत तीन टेस्ट, छह वनडे और तीन टी-20 मैच खेलेगा. इसके बाद भारतीय टीम नवंबर-जनवरी-2019 में आस्ट्रेलिया के दौर पर होगी.

नेहरा ने कहा कि कोलकाता की हरी विकेट मौसम के कारण चर्चा में हैं जिसमें बारिश रूक-रूक कर बाधा बन रही है.
पहले दिन गुरुवार को सिर्फ एक घंटे का खेल ही हो सका. वहीं दूसरे दिन समय से पहले भोजनकाल की घोषणा कर दी गई.

नेहरा ने कहा, 'विकेट अच्छी है, लेकिन यह बारिश के कारण है कि इसमें नमी है. इसके अलावा एक-दो ओवर बाद यह अच्छी विकेट हो जाएगी.'

नेहरा ने कहा, 'विकेट में सीम, स्विंग और उछाल सभी हैं लेकिन वो बारिश की वजह से. हां मैंने इतनी घांस वाली विकेट भारत में नहीं देखी, इससे पहले शायद डेल स्टेन ने हैदराबाद या नागपुर में पांच-छह विकेट लिए थे और उस विकेट पर काफी घांस थी. गेंदबाज को खुद नहीं पता होता कि गेंद किस तरह से आनी है, तो बल्लेबाज को कैसे पता होगा?'

इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, 'आप हाथ देखकर के जरिए कुछ भी नहीं पकड़ सकते. जैसा आपने विराट को आउट होते हुए देखा, लकमल ने आउटस्विंग डाली लेकिन गेंद पड़ने के बाद अंदर आ गई. इसलिए गेंदबाजों के लिए भी यह विकेट काफी मुश्किल सी है.'

Thursday, November 16, 2017

दिल्ली को प्रदूषण से बचाने के लिए कोहली का फॉर्मूला


स्मॉग और पॉल्यूशन से दिल्लीवासियों का दम घुट रहा है. प्रदूषण के लिए दिल्ली सरकार केंद्र और पड़ोसी राज्यों को जिम्मेदार ठहरा रही है. नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. ऐसे में इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली ने लोगों से पॉल्यूशन रोकने कि दिशा में खुद आने की अपील की है.

टीम इंडिया के कैप्टन ने बुधवार को एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया. जिसमें कोहली ने अपील की है कि पॉल्यूशन से बचने के लिए लोग प्राइवेट ट्रांसपोर्ट के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें.

विराट कोहली ने वीडियो 'मुझे फर्क पड़ता है' हैशटैग के साथ शेयर किया. इसमें उन्होंने कहा, "आप सभी जानते हैं दिल्ली में पॉल्यूशन का क्या हाल है. मैं आप सभी का ध्यान इस ओर आकर्षित करना चाहूंगा. सभी लोग इस पर बहस कर रहे हैं. लेकिन, वास्तव में इससे निपटने के लिए हम कर क्या रहे हैं, इस बारे में सोचिए."
कोहली ने कहा, "अगर हमें पॉल्यूशन के खिलाफ यह मैच जीतना है, तो मिलकर खेलना होगा. क्योंकि, पॉल्यूशन को कम करना हम सबकी जिम्मेदारी है. खासकर जो लोग दिल्ली में रहते हैं, उन सभी की यह जिम्मेदारी है."
कोहली ने लोगों से कहा कि आप सब हो सके तो प्राइवेट कार का कम इस्तेमाल करें. ज्यादा से ज्यादा बसों, मेट्रो और कैब सर्विस का इस्तेमाल करें. अगर आप हफ्ते में एक बार भी ऐसा करते हैं, तो काफी फर्क पड़ेगा. क्योंकि, एक्शन छोटा-बड़ा कोई भी हो, फर्क पड़ता है."

Tuesday, November 14, 2017

...तो इसलिए सहवाग नहीं बन पाए भारतीय टीम के कोच


पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सोमवार को एक बयान में कहा कि कप्तान भले ही टीम का सर्वेसर्वा होता है लेकिन कई मामलों में उसकी भूमिका केवल राय देने वाली होती है और यही वजह है कि ‘विराट कोहली के समर्थन’ के बावजूद वह भारतीय टीम का कोच नहीं बन पाये.

अनिल कुंबले के कप्तान कोहली के साथ अस्थिर संबंधों के कारण मुख्य कोच पद छोड़ने के बाद सहवाग भी इसके दावेदारों में शामिल हो गये थे. सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण की तीन सदस्यीय क्रिकेट सलाहकार समिति ने हालांकि रवि शास्त्री के नाम पर मोहर लगायी जो इससे एक साल पहले कुंबले से दौड़ में पिछड़ गये थे.

सहवाग ने कहा कि कप्तान का टीम से जुड़े विभिन्न फैसलों पर प्रभाव होता है लेकिन कई मामलों में अंतिम निर्णय उसका नहीं होता है.

उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा, 'कोच और चयन में कप्तान की भूमिका हमेशा राय देने वाली रही है. विराट कोहली चाहते थे कि मैं भारतीय टीम का कोच बनूं. जब कोहली ने संपर्क किया तभी मैंने आवेदन किया,लेकिन मैं कोच नहीं बना. ऐसे में आप कैसे कह सकते हैं कि हर फैसले में कप्तान की चलती है.' सहवाग के बारे में कहा गया था कि उन्होंने केवल एक पंक्ति में कोच पद के लिये आवेदन कर दिया था लेकिन अपने करियर में 104 टेस्ट और 251 वनडे खेलने वाले इस विस्फोटक बल्लेबाज ने इससे इन्कार किया.
उन्होंने कहा, ' मैंने सभी औपचारिकताएं की थी, एक लाइन वाली बात मीडिया के दिमाग की उपज थी.' पाकिस्तान के खिलाफ 2004 में मुल्तान में 309 रन की पारी खेलकर टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने वाले सहवाग का मानना है कि इस पड़ोसी देश के साथ क्रिकेट खेली जानी चाहिए लेकिन इसमें अंतिम फैसला सरकार का होगा. उन्होंने इस संबंध में पूछे गये सवाल पर कहा, 'यह सरकार को तय करना है. मेरी निजी राय है कि भारत को पाकिस्तान से क्रिकेट खेलनी चाहिए.'

सहवाग के बारे में कहा जाता है कि जब वह क्रीज पर उतरते थे तो यह परवाह नहीं करते थे कि सामने कौन सा गेंदबाज है लेकिन दिल्ली के इस बल्लेबाज ने माना कि श्रीलंका के आफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन को खेलने में उन्हें कुछ अवसरों पर परेशानी हुई.

उन्होंने कहा, 'मैंने कभी किसी गेंदबाज को खेलने के बारे में ज्यादा नहीं सोचा लेकिन मुरलीधरन को खेलने में थोड़ी मुश्किल हुई. उनके लिये अलग से रणनीति बनानी पड़ती थी. जहां तक सलामी जोड़ीदार की बात है तो मैंने सचिन तेंदुलकर के साथ पारी का आगाज करने का पूरा लुत्फ उठाया. उनके बाद (एडम) गिलक्रिस्ट का नंबर आता है.'

सोशल मीडिया पर विभिन्न मामलों में अपनी राय देने वाले सहवाग का फिलहाल राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है लेकिन वह चाहते हैं कि उनकी जीवनी लिखी जाए और दो बार के ओलंपिक चैंपियन सुशील कुमार पर बायोपिक बने.

सहवाग ने कहा, ' तमाम क्रिकेटर्स की जीवनी आ रही हूं. मैं भी इस बारे में सोच रहा हूं. अच्छे लेखक की तलाश है. हो सकता है कि जल्द ही इस बारे में आपको पता चले.' उन्होंने कहा, 'जहां तक बायोपिक की बात है तो अभी तक किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया और मेरा ऐसा कोई इरादा भी नहीं है. हां, यह जरूरी है कि भारत में क्रिकेट के अलावा भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका संघर्ष लोगों के सामने आना चाहिए. मेरा मानना है कि पहलवान सुशील कुमार की बायोपिक आनी चाहिए. उनके संघर्ष को मैंने करीब से देखा है.' सहवाग अभी क्रिकेट प्रशासन में भी नहीं आना चाहते हैं और फिलहाल हिन्दी कमेंटेटर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं.

उन्होंने कहा, ' हिंदी आम लोगों की भाषा है. जिन्हें अच्छी हिंदी नहीं आती होगी, वे ही हिंदी कमेंट्री से परहेज करते होंगे.'

Sunday, November 12, 2017

अपनी आलोचनाओं पर धोनी ने दिया ये करारा जवाब...


महेंद्र सिंह धोनी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने को लेकर उठे सवालों और आलोचनाओं को उसी शांत और स्थिर आवाज से खारिज करते हुए कहा कि 'हर किसी की जीवन के बारे में अपनी अपनी राय होती है.' पूर्व भारतीय क्रिकेटरों जिसमें अजित अगरकर शामिल हैं, ने धोनी के टी20 भविष्य पर सवाल उठाये थे जिससे देश के क्रिकेट जगत में हलचल मच गयी थी.

यहां तक कि पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण भी धोनी के टी20 करियर पर अगरकर की तरह की ही राय रखते हैं. हालांकि दो बार की विश्व कप विजेता टीम का कप्तान इससे जरा भी परेशान नहीं दिखता.

जब धोनी से अगरकर की टिप्पणी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'हर किसी के जीवन के बारे में अपने विचार होते हैं और इनका सम्मान किया जाना चाहिए.' धोनी ने युवा भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर 2007 में शुरूआती विश्व टी20 कप और 2011 वनडे विश्व कप जीता.

भारतीय टीम राजकोट में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 40 रन से हार गयी जिसमें धोनी बल्लेबाजी में जूझते दिखे जिसके बाद उनके संन्यास को लेकर सवाल खड़े हुए. इस 36 वर्षीय दिग्गज किकेटर को हालांकि लगता है उनमें अब भी भारतीय टीम की जर्सी पहनने का जज्बा है.
उन्होंने कहा, 'सबसे बड़ी प्रेरणा भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा होना है. आपने ऐसे क्रिकेटर भी देखे हैं जिन्होंने अपनी मेहनत से मुकाम हासिल किया है लेकिन फिर भी वे बहुत आगे तक पहुंचे हैं. ऐसा उनके जुनून की वजह से हुआ है. कोचों को उन्हें ढूंढने की जरूरत है. हर कोई देश के लिये नहीं खेलता.'

धोनी यहां अपनी वैश्विक क्रिकेट अकादमी को लांच करने के लिये यहां पहुंचे थे, उन्होंने दुबई की पैसिफिक वेंचर्स के साथ मिलकर अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय अकादमी ‘एम एस धोनी क्रिकेट अकादमी’ का उद्घाटन किया.

उन्होंने कहा, 'मैंने हमेशा ही माना है कि नतीजों से अहम प्रक्रिया होती है. मैंने कभी भी परिणाम के बारे में नहीं सोचा, मैंने हमेशा यही सोचा कि उस समय क्या करना ठीक होगा, भले ही तब 10 रन की जरूरत हो, 14 रन की जरूरत हो या फिर पांच रन की जरूरत हो.'

धोनी ने कहा, 'मैं इस प्रक्रिया में ही इतना शामिल रहा कि मैंने कभी भी इस बात का बोझ नहीं लिया कि तब क्या होगा, अगर नतीजे मेरे हिसाब से नहीं रहे.' उनके ट्रेडमार्क हेलीकाप्टर शाट के बारे में पूछने पर धोनी ने कहा कि वह नहीं चाहेंगे कि कोई युवा इस तरह के शाट का इस्तेमाल करे क्योंकि इसमें चोटिल होने की संभावना ज्यादा है.

धोनी ने कहा, 'यह ऐसी चीज है जो मैंने सड़क पर टेनिस गेंद से क्रिकेट खेलने के दौरान सीखी है. यह मुश्किल है. टेनिस गेंद से क्रिकेट खेलने से बल्ले के निचले हिस्से भी गेंद हिट हो जाती है और काफी दूर तक जाती है लेकिन सामान्य क्रिकेट में इसे बल्ले के मध्य में होना चाहिए इसलिये इसमें मेहनत की जरूरत होती है. मैं नहीं चाहता कि वे हेलीकाप्टर शाट खेलें क्योंकि इससे वे चोटिल हो सकते हैं.'

धोनी ने भारत के 2014-15 में आस्ट्रेलिया दौरे के दौरान टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और इसके बाद उन्होंने 2016 में सीमित ओवर की टीम कप्तानी भी छोड़ दी थी जिसके बाद विराट कोहली ने खेल के तीनों प्रारूपेां में भारतीय टीम की कप्तानी संभाली.

Friday, November 10, 2017

Instagram की एक पोस्ट से 3.2 करोड़ रुपये कमाते हैं विराट कोहली


क्रिकेट को लेकर दीवानगी का आलम स्टेडियम के बाहर और अंदर लगने वाली भीड़ से समझा जा सकता है. क्रिकेट की पॉपुलैरिटी बढ़ने के साथ ब्रांड बाजार में क्रिकेटर्स का कद भी बढ़ता जा रहा है. कप्तान विराट कोहली के अच्छे प्रदर्शन के कारण उनकी ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है.
विराट की एक इंस्टाग्राम पोस्ट की कीमत 3.2 करोड़ रुपये है
विराट की है 'विराट' फैन  फॉलोविंग
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक्टिव रहने वाले विराट कोहली, ताजा रैंकिंग में विश्व के सबसे चर्चित एथलीट की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. विराट के इंस्टाग्राम पर करीब 1.5 करोड़, ट्विटर पर करीब 2 करोड़ और फेसबुक पर 3.6 करोड़ के करीब फॉलोवर हैं. हाल में भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेली गई सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम ने विराट के कप्तानी में 2-1 से जीत दर्ज की है.
विराट के इंस्टाग्राम पर करीब 1.5 करोड़, ट्विटर पर करीब 2 करोड़ और फेसबुक पर 3.6 करोड़ के करीब फॉलोवर हैं.
फोर्ब्स की रैंकिंग में सबसे ऊपर विराट
फोर्ब्स की ताजा रैंकिंग के अनुसार, विराट कोहली सबसे महंगे एथलीट हैं. जिनके एक इंस्टाग्राम पोस्ट की कीमत करीब 3.2 करोड़ रुपये है. इन ताजा आंकड़ों में विराट ने फुटबॉल के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी सहित स्पोर्ट्स की कई नामचीन हस्तियों को पीछे छोड़ा है. फिलहाल, विराट के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं, जिनकी इंस्टाग्राम पोस्ट की कीमत करीब 3.2 करोड़ रुपये है.

कैसे होती है इंस्टाग्राम से कमाई
इंस्टाग्राम के जरिए कमाई करना बेहद आसान है. ब्लॉगर और यूट्यूब की तरह खुद का कंटेंट प्रोड्यूस करके इंगेजमेंट बढ़ाकर पैसे कमाए जा सकते हैं. फैशन, ब्यूटी, फिटनेस सहित अलग-अलग सेगमेंट से जुड़े कंटेंट से लोगो को इंगेज किया जा सकता है. अधिक इंगेजमेंट के लिए सबसे जरूरी है, सही हैशटैग का प्रयोग करना.

Wednesday, November 8, 2017

ICC टी20 रैंकिंग: कोहली-बुमराह नं-1, टॉप-20 में और कोई भारतीय नहीं


भारतीय कप्तान विराट कोहली आईसीसी टी20 रैंकिंग में टॉप पर बने हुए हैं जबकि सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और शिखर धवन की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है. कोहली ने टी20 सीरीज़ में 104 रन बनाए. उन्हें इस प्रदर्शन से 13 अंक मिले और अब दूसरे स्थान पर काबिज़ ऑस्ट्रेलिया के एरन फिंच से वह 40 अंक आगे है.

रोहित ने तीन मैचों में 93 और धवन ने 87 रन बनाए. रोहित तीन पायदान चढ़कर 21वें और धवन 20 पायदान की छलांग लगाकर 45वें स्थान पर हैं. भारतीय गेंदबाज़ों में तेज़ गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार दो पायदान चढ़कर 26वें स्थान पर पहुंच गए जबकि स्पिनर युज़वेंद्र चहल 22 पायदान चढ़कर 30वें स्थान पर पहुंच गए. बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल 17 पायदान चढ़कर 62वें स्थान पर है.

टीम रैंकिंग में भारत को तीन अंक का फायदा हुआ है लेकिन दशमलव के बाद की गणना के आधार पर वह इंग्लैंड के बाद पांचवें स्थान पर ही है. न्यूज़ीलैंड ने टॉप स्थान पाकिस्तान को गंवा दिया है. न्यूज़ीलैंड के अब 125 से 120 अंक हो गए हैं जबकि पाकिस्तान के 124 अंक हैं.

न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ ईश सोढी पांच पायदान चढ़कर करियर में पहली बार टॉप-10 में आ गए. वहीं ट्रेंट बोल्ट करियर की बेस्ट 16वीं रैंकिंग पर पहुंच गए. टिम साउदी पांच पायदान चढ़कर 81वें स्थान पर है जबकि बल्लेबाज़ कोलिन मुनरो चार पायदान चढ़कर 12वें स्थान पर हैं.
 
Copyright © 2014 Revoli Full Width. Designed by OddThemes - Published By Gooyaabi Templates