DO NOT MISS

Sunday, February 25, 2018

पीएनबी स्कैम: नीरव-चौकसी पर कसता ईडी का शिकंजा, दूसरे देशों से भी जानकारी मांगने की तैयारी


प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हीरा कारोबारी नीरव मोदी और गीतांजलि जेम्स के मालिक मेहुल चौकसी की विदेशी संपत्तियों व कारोबार के बारे में दर्जन से भी अधिक देशों से जानकारी मांगेगा. इस बारे में जल्द ही अनुरोध पत्र भेजने की तैयारी की जा रही है.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एजेंसी इस बारे में मुंबई में सक्षम अदालत से संपर्क कर इस संबंध में अनुरोध पत्र (एलआर) जारी करने का आग्रह करेगी. ये अनुरोध पत्र उन 15-17 देशों को भेजे जाने है जहां उसे नीरव मोदी, उसके मामा चौकसी व उनसे जुड़े अन्य लोगों के स्वामित्व वाली फर्मों के हीरा व स्वर्ण आभूषण कारोबार होने के संके​त मिले हैं.

उक्त देशों में बेल्जियम, हांगकांग, स्विटजरलैंड, अमेरिका, ब्रिटेन, दुबई, सिंगापुर व दक्षिण अफ्रीका शामिल है. सूत्रों ने कहा कि एजेंसी से एजेंसी स्तर पर सूचनाएं प्रदान करने के कुछ आग्रह भी विभिन्न देशों को भेजे जाएंगे.

इस तरह के अनुरोध पत्र भेजने का उद्देश्य नीरव मोदी और चौकसी की विदेशी वित्तीय आस्तियों का ब्यौरा हासिल करना है.

इस बीच नीरव मोदी, उसकी पत्नी एमी और चौकसी को ईडी ने कल उसके मुंबई ऑफिस में हाजिर होने का सम्मन जारी किया है. सूत्रों ने अनुसार अगर इस सम्मन की तामील नहीं होती है तो ईडी पीएमएलए की अदालत में अर्जी देकर गैर जमानती वारंट जारी करने का आग्रह कर सकता है.

गौरतलब है कि हीरा कारोबारी नीरव मोदी और गीतांजलि जेम्स के मालिक मेहुल चौकसी 11,356 करोड़ के पीएनबी बैंक फ्रॉड में आरोपी हैं. इन लोगों पर पीएनबी के अफसरों से मिलीभगत कर फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग्स (LoUs) के जरिये विदेशी खाते में कई हजार करोड़ की रकम ट्रांसफर करने का आरोप है.

Post a Comment

 
Copyright © 2014 Revoli Full Width. Designed by OddThemes - Published By Gooyaabi Templates