DO NOT MISS

Wednesday, July 5, 2017

लालू ने सुशील मोदी को बताया BJP का झूठ बोलने वाला तोता, कहा- करेंगे मुकदमा


पटना, सनाउल हक़ चंचल-

पटना। भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी (सुमो) द्वारा किए जा रहे लगातार हमले पर पलटवार करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने उन्हें मानहानि के मुकदमे की चेतावनी दी है। रमा देवी से 13.12 एकड़ जमीन दान लेने के आरोपों को खारिज करते हुए लालू ने सुमो पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए लालू ने कहा कि सुमो माफी मांगें या रमा देवी से उक्त प्लॉट मुझे लिखवा दें।

सुमो को भाजपा का 'झूठ बोलने वाला तोता' बताते हुए लालू ने कहा कि अगर वे सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे। ऐसा नहीं करने पर लालू ने मानहानिक का मुकदमा करने की धमकी दी। इसपर प्रतिक्रिया में सुमो ने भी कहा कि अगर लालू मुकदमा करते हैं तो वह उन्‍हें स्‍वीकार है। वे अपनी बात पर कायाम हैं, लालू मुकदमा करें। सुमो ने कहा कि ऐसे मुकदमे वे पहले भी झेल चुके हैं।

सुमो द्वारा लालू पर रमा देवी से जमीन दान के नए आरोप पर लालू ने मीडिया के सामने जमीन का पूरा ब्योरा दिया। उन्‍होंने सुमो को भाजपा का झूठ बोलने वाला तोता करार दिया। लालू ने कहा कि प्लॉट की रजिस्ट्री बिना हमारी सहमति के ब्रजबिहारी प्रसाद ने 23 मार्च 1992 को तेज प्रताप यादव के नाम कर दी थी। यह रजिस्ट्री के नियमों के विपरीत था, क्योंकि दानपत्र में दोनों पक्षों की सहमति नहीं थी।

लालू ने कहा कि उनकी जानकारी के बिना यह रजिस्ट्री हुई थी। कुछ दिन बाद रमा देवी के पति ब्रजबिहारी प्रसाद ने इस संबंध में जानकारी दी। लालू ने दावा किया कि सूचना मिलते ही उन्‍होंने उन्हें डांटते हुए रजिस्ट्री कैंसिल कराने का निर्देश दिया। फिर, 30 जून 1993 को उक्त डीड को रद कर दिया गया।

राजद प्रमुख ने बताया कि मुजफ्फरपुर के जिस ऑफिस में रजिस्ट्री हुई थी, उसी में कैंसिल भी कराई गई। ऐसे में सुशील मोदी का यह आरोप बेबुनियाद है।

जमीन की वर्तमान स्थिति बताते हुए लालू ने कहा कि वह जमीन आज भी रमा देवी के कब्जे में है। वहां खेती हो रही है। तालाब व लीची का बगान भी है। लालू ने सुमो पर एक ही आरोप को घुमा-फिराकर रोज लगाने का आरोप लगाया और कहा कि वे उनकी तरह बेकार नहीं बैठे हैं। उनके पास बहुत सारे काम हैं।

10 जुलाई से TET का प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे अभ्यर्थी, 23 जुलाई को 348 केन्द्रों पर परीक्षा

नीरज कुमार / खगड़िया
पटना - बिहार प्रारंभिक शिक्षक (प्रशिक्षित) पात्रता परीक्षा-2017 का आयोजन 23 जुलाई को सूबे के 348 केंद्रों पर होगा। प्रवेश पत्र 10 जुलाई के बाद बोर्ड की वेबसाइट (www.bsebonline.net ) पर अपलोड कर दिया जाएगा। समिति अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि सुधार के कई अवसर दिए जाने के बाद 2,43,459 अभ्यर्थियों के आवेदन सही प्राप्त हुए हैं। इनका प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। पेपर वन (कक्षा एक से पांच तक) की परीक्षा में शामिल होने के लिए 50,950 और पेपर टू (कक्षा छह से आठ तक) के लिए 1,92,509 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। प्रथम पाली में पेपर वन की परीक्षा सुबह 10:00 से 12:30 बजे होगी। दूसरी पाली में पेपर टू की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 4:30 के बीच होगी। दोनों पेपर में एक-एक अंक के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें से 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी ऐसे हैं जो पेपर वन और टू दोनों की परीक्षा में शामिल होंगे।

राजधानी में बनाए गए 30 केंद्

सूबे में सबसे अधिक राजधानी में 30 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 15,555 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें पेपर वन की परीक्षा में 2,446 और टू में 13,109 अभ्यर्थी शामिल हैं।

लालू बोले- भाजपा कर रही नफरत फैलाने की राजनीति, ओबीसी कोविंद को बता रहे दलित


पटना, सनाउल हक़ चंचल-

पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पार्टी के स्‍थापना दिवस समारोह में एनडीए के राष्‍ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद की उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे दलित नहीं है। वो कोली जाति से आते हैं और गुजरात में चुनाव है इसलिए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है ताकि 18 फीसदी वोट मिल सके। कोली जाति गुजरात में ओबीसी है।

लालू ने कहा कि हम सिद्धांत से समझौता नहीं करते हैं। कांग्रेस भी अगर एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करती इसके वावजूद वो उन्हें समर्थन नहीं करते।

इस मौके पर राजद सुप्रीमो ने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश में अघोषित इमरजेंसी की स्थिति बन गई है। बीजेपी ने लोगों से झूठा वायदा किया। सब्जबाग दिखाकर नरेंद्र मोदी सत्ता में बैठ गए क्योंकि हमलोग बंटे हुए हैं। तीन सालों में एक भी आदमी को नौकरी नहीं मिली।

लालू प्रसाद ने कहा कि देश में नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है। गाय के नाम पर लोगों की हत्या की जा रही है। देश के किसान आत्महत्या कर रहे हैं। देश में अभी भयावह स्थिति है।

इस मौके पर लालू यादव ने समान विचारधारा के लोगों को एक साथ आने की अपील की। कहा कि मायावती और अखिलेश मिल जाएंगे तो बीजेपी का गेम फिनिश हो जाएगा। मायावती, अरविंद केजरीवाल, ममता, प्रियंका गांधी, राबर्ट वाड्रा और उनके परिवार को खत्म करने की कोशिश की जा रही है क्योंकि वो जानते हैं कि सब एक हो जाएंगे तो बीजेपी खत्म हो जाएगी।

इस मौके पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझे खुशी है कि मैं उस पार्टी का सिपाही हूं जिसने आजतक अपने विचारधारा से समझौता नहीं किया। जब से पार्टी बनी है तबसे साम्प्रदायिक ताकत पार्टी के पीछे लगी हुई है. इसके बावजूद विरोधियों को मुंह की खानी पड़ी है।

उन्होंने कहा कि आज देश में नाकारात्मक राजनीति हो रही है। जो गरीबों की बात करता है उसे बदनाम किया जाता है। 27 अगस्त की रैली देश की नई दिशा तय करेगी। हमारी पार्टी अब जवान हो गई है।

सुशील मोदी पर हमला करते हुए तेजस्‍वी ने कहा कि कुछ लोग अखबार में बने रहने के लिए हमपर आरोप लगाते हैं। हम डरने वाले नहीं है। 27 अगस्त को पता चलेगा कि कौन बेईमान है? हमलोगों ने भी सुशील मोदी के खिलाप सबूत पेश किये लेकिन न कोई रेड हुआ और ना ही सीबीआई जांच हुई। क्या जो बीजेपी के खिलाफ बोलेगा उसे टारगेट किया जाएगा।

हमारी तीन पीढियां साजिश की शिकार हुई है। मां-पिता के बाद अब हमलोग और हमारी बहनों के बच्चे सीबीआई रेड देख रहे हैं। लेकिन हम डरने वाले नहीं। महागठबंधन को अटूट बताते हुए तेजस्‍वी ने कहा कि हमें बीजेपी से संघर्ष करना है। बीजेपी को भगाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन होगा।

राजद आज अपना स्‍थापना दिवस मना रहा है। इस अवसप पर पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम हो रहा है। इसके अलावा राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज अपने आवास पर 27 अगस्त की 'भाजपा भागाओ देश बचाओ' की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। इस बीच राजद के स्‍थापना  दिवस को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिख रही है।

इस मौके पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, उपमुख्यमंत्री  तेजस्वी प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव, वित्त मंत्री अब्दुलबारी सिद्दीकी सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक स्थापना दिवस समारोह में मौजूद हैं।

स्‍थापना दिवस समारोह पर राजनीतिक बयानबाजी तेज

इस बीच राजद के स्‍थापना दिवस समारोह पर राजनीतिक बयान भी आने लगे हैं। भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने राजद के स्थापना दिवस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अपनी नीतियों और सिद्धांतों से भटक चुकी है।

उधर, जदयू नेता श्याम रजक ने राजद को बधाई देते हुए कहा कि इसके निर्माण के वक्त भी परिवारवाद का आरोप लगा था।उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें पार्टी से उपेक्षा और अपमान मिला। राजद के रामचंद्र पूर्वे ने राजद को 'उसूलों वाली पार्टी' बताया है।

राजनेताओं के बच्‍चों ने बॉलीवुड में बनाई पहचान, सोनाक्षी से नेहा तक हैं कई नाम

पटना, सनाउल हक़ चंचल-

पटना । सामान्‍यत: देखा जाता है कि राजनीतिज्ञों की संतानें राजनीति में जाती हैं। लेकिन, लीक से हटकर कुछ ग्‍लैमर की दुनिया में नाम कमाने वाले राजनीतिज्ञाें के बेटे-बेटियों के भी उदाहरण भरे पड़े हैं। इनमें कुछ ने तो आसमान की बुलंदियां छू ली हैं।

बिहार की बात करें तो भाजपा के शॉटगन शत्रुघ्‍न सिन्‍हा की बेटी सोनाक्षी सिन्‍हा, लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान, कांग्रेस नेता अजित शर्मा की बेटी नेहा शर्मा ऐसे ही उदाहरण हैं। इनमें चिराग पासवान ने बाद में फिल्‍में छोड़कर पिता की राजनीतिक विरासत संभाल ली है। लेकिन, सोनाक्षी सिन्‍हा व नेहा शर्मा फिल्‍मों में नाम कमा रही हैं।

एक्‍टर व भाजपा नेता शत्रुघ्‍न सिन्‍हा की बेटी व बॉलीवुड की 'दबंग गर्ल' सोनाक्षी सिन्हा का जन्म 2 जून 1987 को हुआ था। फैशन डिजाइनिंग में ग्रैजुएट सोनाक्षी ने सलमान खान की फिल्म 'दबंग' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके पहले वे लक्मे फैशन वीक 2009, लक्मे फैशन वीक 2008 में रैम्प पर दिखी थीं। सोनाक्षी को गाने गाना भी पसंद है। उन्‍होंने फिल्‍म 'अकीरा' में एक गाना भी गाया है। वे कुछ अन्‍य फिल्‍मों में भी गाना गा चुकी हैं।

बिहार से कांग्रेस विधायक अजित शर्मा की बेटी नेहा शर्मा का जन्म 21 नवंबर 1987 को हुआ था। निफ्ट से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करने के बाद उन्‍होंने तेलुगु फिल्म 'चिरूथा' किया। बॉलीवुड में उन्‍होंने 2010 में डेब्यू किया। नेहा एक कथक डांसर भी हैं।

नेहा की छोटी बहन आयशा शर्मा भी बॉलीवुड में काम कर रही हैं। आयशा ने एक म्यूजिक वीडियो 'एक वारी' में आयुष्मान खुराना के साथ काम किया है। वे 'नमस्ते इंग्लैंड' में अक्षय कुमार के साथ नजर आ सकती हैं। 'जुड़वा दो" में भी आयशा का नाम सामने आया था।

चिराग का जन्म 31 अक्टूबर, 1982 हुआ था। वे रामविलास पासवान की दूसरी पत्नी रीना के बेटे हैं। उन्‍होंने साल 2011 में फिल्म 'मिले ना मिले हम' से बॉलीवुड में डेब्‍यू किया था। इस फिल्म में उनके अपोजिट कंगना थीं। बाद में चिराग 2014 में बिहार के जमुई से सांसद बने। पहुंचे।

एक्टर और यूपी कांग्रेस के अध्‍यक्ष राज बब्बर तथा एक्‍ट्रेस स्मिता पाटिल के बेटे प्रतीक बब्‍बर का जन्‍म 28 नवंबर 1986 को हुआ था। बॉलीवुड के रोमांटिक गुंडे के नाम से प्रसिद्ध प्रतीक ने बॉलीवुड में फिल्म 'जाने तू या जाने न' से डेब्यू किया था। वे 'दम मारो दम', 'आरक्षण', 'धोबी घाट' और 'माय फ्रेंड पिंटो' आदि फिलमें में भी काम कर चुके हैं।

उन्‍होंने अपने करियर की शुरूआत एक असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर की थी। वे कई टीवी ऐड भी कर चुके हैं। उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड और स्टारडस्ट अवार्ड भी मिल चुका हैं।

मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अर्जुन सिंह के पोते और विधायक अजय सिंह के बेटे अरुणोदय का जन्म 17 फरवरी 1983 को हुआ था। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत 2009 में 'सिकंदर' से की थी। वे 'मिस्टर एक्स', 'जिस्म-2', 'उंगली', 'ये साली जिंदगी', 'मैं तेरा हीरो', 'एक बुरा आदमी' 'मोहनजोदड़ो' और सिकंदर आदि फिल्मों में नजर आ चुके हैं।

महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे रितेश देशमुख हिन्दी और मराठी सिनेमा में काम रहे हैं। उन्होंनेे 2003 में के विजय भास्कर निर्देशित फिल्म 'तुझे मेरी कसम' से डेब्‍यू किया था, जिसमें उनके अपोजिट जिनेलिआ डिसूजा थीं। 'मस्ती' और 'बर्दाश्त' जैसी फिल्मों ने उन्‍हें पहचान दी। वे 'क्या कूल हैं हम', 'ब्लफमास्टर', 'हाउसफुल' 'हाउसफुल-2' व 'ग्रैंड मस्ती' जैसी फिल्‍मों में काम कर चुके हैं। उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर कैटेगरी में फिल्म फेयर अवार्ड भी मिला है।

तमिलनाडु के पूर्व मुख्‍यमंत्री और डीएमके नेता के करुणानिधि के पोते और एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि का जन्म 27 नवंबर 1977 को हुआ था। उन्होंनेे एक रोमांटिक कॉमेडी 'ओरू कल ओरू कन्नाड़ी' से फिल्म डेब्यू किया था। वे एक प्रोड्यूसर और डिस्ट्रीब्यूटर के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री ली थी।

Tuesday, July 4, 2017

पांच बच्चों का बाप तीन बच्चों की मां संग हुआ फरार, बोला-नहीं छोड़ूंगा साथ



पटना, सनाउल हक़ चंचल-
पटना। बेगूसराय जिले में एक अजब प्यार की गजब कहानी का मामला सामने आया है। प्रेमी के प्यार में दीवानी तीन बच्चों की मां को पांच बच्चों के पिता के साथ फरार हो गई। सिंघौल ओपी क्षेत्र के फतेहपुर पंचायत में इस घटना को लेकर तनाव व्याप्त हो गया है।

जानकारी के अनुसार दोनों के प्रेम संबंधों का जब पता चला तो परिजनों ने इसका जमकर विरोध किया और 27 जून को गांव में पंचायती भी हुई। इसके अगले दिन दोनों प्रेमी जोड़े अपने बच्चों को छोड़ कर घर से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार फरार जोड़े रिश्ते में जीजा-साली हैं। सोमवार को दोनों पक्ष लड़ाई झगड़ा करने को उतारु हो गए। तब यह मामला पुलिस तक पहुंच गया। सिंघौल ओपी प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ग्रामीणों ने उक्त घटना के खिलाफ जमकर हंगामा मचाया। ग्रामीणों का कहना था कि दोनों जोड़ों को गांव से बाहर निकाला जाए। क्योंकि इनके गांव में रहने से सामाजिक परिवेश पर बुरा असर पड़ेगा। पूर्व मुखिया विनोद मल्लिक ने कहा कि 27 जून को पंचायत की बात नहीं मानने के कारण दोनों जोड़ों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।

वहीं प्रेमी मो. कौशर अंसारी के अनुसार मुस्लिम लॉ के अनुसार उनका निकाह जायज है और वह अपनी पहली पत्नी का भी भरण पोषण करने को तैयार है। प्रेमिका हर हाल में कौशर के साथ ही रहना चाहती है। एसपी रंजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है। कौशर की पहली पत्नी ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

Sunday, July 2, 2017

'डर' के मारे लालू पुत्र तेजप्रताप ने बदल दिया था घर का रास्ता, अब चुना यह रास्ता

पटना/सनाउल हक़ चंचल
पटना :-ज्योतिषीय सलाह ने लालू परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी है। वास्तुदोष के चलते स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव के अपने आवास के मुख्य द्वार का रास्ता बदल दिया था। मुख्य द्वार के रास्ते को बदलने के बाद से लालू प्रसाद के कुनबे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही थीं तो तेजप्रताप ने इसके लिए वापस अपनी भूल सुधारते हुए प्रवेश द्वार का रास्ता फिर से बदल लिया है।

बताते चलें कि पिछले कुछ दिनों से महागठबंधन का अस्तित्व संकट में पड़ गया था और कुनबे को मुश्किल में पड़ता देख तेज प्रताप ने अपने घर के मुख्य द्वार का रास्ता बदल दिया था, लेकिन उससे कोई खास फायदा ना होता देख उन्होंने भूल सुधार करते हुए फिर से प्रवेश द्वार का रास्ता बदल दिया है।

लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव धार्मिक प्रवृत्ति के हैं। मुश्किल में वह अक्सर धर्म का सहारा लेते हैं। तेजप्रताप यादव ने 3 महीने पहले देशरत्न मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास के मुख्य द्वार को बंद करवा कर पीछे के हिस्से को प्रवेश द्वार में तब्दील करा दिया था।

ज्योतिषीय सलाह के चलते तेज प्रताप ने प्रवेश द्वार को पिछले हिस्से में शिफ्ट करा दिया था। देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी आवास में तेजप्रताप यादव ने मुश्किलों से निपटने के लिए दुश्मन मारण जाप भी कराया था। उसके बाद वह वृंदावन की यात्रा पर गए थे बावजूद इसके लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें लगातार बढ़ती गई और तेजप्रताप भी मुश्किलों में नजर आए।

बेनामी संपत्ति को लेकर लालू प्रसाद यादव सुशील मोदी के निशाने पर हैं। सुशील मोदी एक के बाद एक खुलासे कर रहे हैं मीसा भारती, तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव बेनामी संपत्ति मामले में मुश्किल में हैं।

मुश्किलों में घिरता देख तेज प्रताप ने भूल सुधार करते हुए अपने सरकारी आवास का रास्ता पुनः बदल दिया है और अब देशरत्न मार्ग में प्रवेश द्वार पहले की तरह ही बनाया जा रहा है। तेजप्रताप अब अपने सरकारी आवास में पिछले दरवाजे के बजाय सामने से प्रवेश करेंगे। 

Saturday, July 1, 2017

तिलकामांझी यूनिवर्सिटी मे आत्मदाह की धमकी पर देता है रिजल्ट

नीरज कुमार / खगड़िया
बिहार में एक ऐसा यूनिवर्सिटी भी हैं जहां आत्मदाह की धमकी देने के बाद रिजल्ट सुधारा जाता है। जी हां, हम बात कर रहे हैं भागलपुर के तिलकामांझी यूनिवर्सिटी की जहां कुछ ऐसा ही वाक्या पेश आया है। कोशी कॉलेज खगडिया के छात्र और हॉकी कोच विकाश कुमार का दो साल से अटक हुआ रिजल्ट भागलपुर विवि आत्मदाह की धमकी के बाद सुधारने को तैयार हुआ। गुरुवार को विकाश विवि पहुंचा और परीक्षा नियंत्रक, प्रॉक्टर से लेकर अन्य पदाधिकारियों से मिला। फिर आत्मदाह की धमकी दी तो उसे प्रतिकुलपति से मिलवाया गया। विकाश ने बताया की उसके स्नातक पार्ट एक और तीन का रिजल्ट क्लियर है केवल पार्ट दो में ऑब्जेक्टिव प्रश्नों का मूल्यांकन नहीं किये जाने से वह दो साल से रिजल्ट के लिए विवि का चक्कर लगा रहा है। वह रायपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में अभी पढ़ रहा है जहाँ से उसे रिजल्ट नहीं रहने के कारण हटाने की बात कही जा रही है। ऐसा हुआ तो वह आत्मदाह कर लेगा। इसके बाद प्रतिकुलपति ने परीक्षा नियंत्रक को उसका रिजल्ट सुधारने के लिए फौरन निर्देश दिया।
 
Copyright © 2014 Revoli Full Width. Designed by OddThemes - Published By Gooyaabi Templates